दतिया उपचुनाव में दिखा अनोखा नजारा, कांग्रेस के मंच से बीजेपी प्रत्याशी ने मांगे वोट, जीतू पटवारी ने लगा लिया गले!

दतिया उपचुनाव में सियासी मुकाबला अपने चरम पर है, लेकिन इस बीच एक ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने चुनावी माहौल में मुस्कान घोल दी। जहां एक ओर बीजेपी और कांग्रेस एक-दूसरे पर हमलावर हैं, वहीं दूसरी ओर दोनों दलों के नेताओं के बीच मंच पर हुई हल्की-फुल्की नोकझोंक अब चर्चा का विषय बन गई है।

दरअसल, दतिया शहर में कांग्रेस की एक जनसभा आयोजित की गई थी, जिसे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी वहां से गुजर रहे थे। मंच से जैसे ही जीतू पटवारी की नजर उन पर पड़ी, उन्होंने उन्हें आवाज देकर अपने पास बुला लिया।

जीतू पटवारी की आवाज सुनते ही आशुतोष तिवारी मंच के पास पहुंचे और फिर जो हुआ, उसने वहां मौजूद कार्यकर्ताओं को भी हैरान कर दिया। बीजेपी प्रत्याशी ने मुस्कुराते हुए कांग्रेस की सभा में ही अपने लिए वोट मांगना शुरू कर दिया। इस पर जीतू पटवारी ने चुटकी लेते हुए कहा कि, “आपको यहां कोई नहीं जानता।”

इसका जवाब देते हुए आशुतोष तिवारी ने कहा, “दतिया की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में मेरा मकान है, लोग मुझे अच्छी तरह जानते हैं।” दोनों नेताओं के बीच हुई इस मजेदार बातचीत पर सभा में मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे और माहौल पूरी तरह हल्का हो गया।

इतना ही नहीं, बातचीत के दौरान जीतू पटवारी ने बीजेपी प्रत्याशी को गले भी लगा लिया। चुनावी सरगर्मियों के बीच यह तस्वीर अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इसे लोकतंत्र की खूबसूरती बता रहे हैं।

बहरहाल, दतिया में राजनीतिक जंग जारी है, लेकिन कांग्रेस के मंच पर बीजेपी प्रत्याशी का पहुंचना और वहां से अपने लिए वोट मांगना, इस उपचुनाव की सबसे दिलचस्प घटनाओं में शामिल हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *