उज्जैन। प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता मनोज जोशी शुक्रवार को उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचकर भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन किए। उन्होंने तड़के होने वाली भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।
मनोज जोशी करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठे रहे और भगवान महाकालेश्वर की आराधना की। इस दौरान वह भक्ति और आध्यात्मिक भाव में डूबे नजर आए। भस्म आरती के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक आशीष फलवाड़िया ने उनका स्वागत और सत्कार किया।
दर्शन के बाद मनोज जोशी ने भस्म आरती के अनुभव को दिव्य साक्षात्कार जैसा बताया। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल सभी का कल्याण करें और देश के युवाओं को शक्ति प्रदान करें, ताकि वे राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत होकर देश के लिए बेहतर काम कर सकें।
सावन के पवित्र महीने में बाबा महाकाल के दरबार में श्रद्धालुओं के साथ फिल्मी सितारों और जानी-मानी हस्तियों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में अभिनेता मनोज जोशी ने भी भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।

