‘झूठ और अफवाह की राजनीति कर रहे अखिलेश’… ओपी राजभर का बड़ा हमला, जिन्ना को आदर्श मानने और देश विरोधी बयान फैलाने का लगाया आरोप

लखनऊ. योगी सरकार में मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला है। राजभर ने अखिलेश यादव की राजनीति को अफवाह और झूठ पर आधारित बताते हुए कई तीखे बयान दिए हैं।

ओपी राजभर ने कहा कि जिन्ना को आदर्श मानने वाले और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर देश विरोधी झूठ फैलाने वाले अखिलेश यादव समाज को तोड़ने वाली राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगातार चुनाव हारने के बाद अब उनके पास सिर्फ महल और अकूत संपत्ति ही बची है।

राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव जनता की गाढ़ी कमाई से इकट्ठा किए गए पैसे के दम पर आज भी किराए के हवाई जहाजों में घूमते हैं। उन्होंने कहा कि दस साल पहले मुख्यमंत्री रहने के बावजूद सपा प्रमुख आज भी शाही अंदाज में राजनीति कर रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि अखिलेश यादव की पूरी राजनीति ट्विटर, एसी और पीसी तक सीमित हो गई है। ओपी राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि झूठ बोलना और अफवाह फैलाना सबसे आसान काम है और यही समाजवादी पार्टी की राजनीति का आधार बन चुका है।

राजभर यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव से गंभीर और जमीन से जुड़ी राजनीति की उम्मीद करना ऐसा है जैसे भैंसों को आसमान में उड़ाने की उम्मीद करना। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि ओम प्रकाश राजभर जमीन पर भैंस चरा सकता है, लेकिन आसमान में भैंस उड़ाने की कला सिर्फ सैफई कुनबे को ही आती है।

राजनीतिक गलियारों में ओपी राजभर के इस बयान के बाद सियासी बयानबाजी और तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले चुनावों को देखते हुए उत्तर प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और ज्यादा गरमाने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *