PM मोदी की अपील पर अखिलेश यादव का बड़ा पलटवार, बोले- चुनाव खत्म होते ही ‘संकट’ याद आ गया, देश के लिए सबसे बड़ा संकट भाजपा

लखनऊ. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से पेट्रोल-डीजल का सीमित इस्तेमाल करने और विदेश यात्राओं से बचने की अपील के बाद राजनीति तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर भाजपा और केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला है।

अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव खत्म होते ही सरकार को अचानक ‘संकट’ याद आ गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देश के लिए सबसे बड़ा संकट सिर्फ एक है और उसका नाम भाजपा है। अखिलेश ने सवाल उठाया कि अगर इतनी पाबंदियां लगानी पड़ रही हैं तो फिर पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का दावा कैसे पूरा होगा। उन्होंने कहा कि सरकार के हाथ से अर्थव्यवस्था की लगाम पूरी तरह छूट चुकी है, डॉलर लगातार मजबूत हो रहा है और रुपया कमजोर होता जा रहा है।

सपा प्रमुख ने आगे कहा कि सोना न खरीदने की सलाह जनता को नहीं बल्कि भाजपा नेताओं और भ्रष्ट लोगों को दी जानी चाहिए, क्योंकि आम आदमी तो वैसे भी सोना खरीदने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि काली कमाई को सोने में बदलने का काम भाजपा से जुड़े लोग कर रहे हैं।

अखिलेश यादव ने चुनावी खर्चों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा नेताओं ने हजारों चार्टर फ्लाइट यात्राएं कीं, बड़े-बड़े होटलों में ठहरे और जमकर संसाधनों का इस्तेमाल किया, तब सरकार को पाबंदियां याद नहीं आईं। अब सारी जिम्मेदारी सिर्फ जनता पर डाली जा रही है।

उन्होंने कहा कि ऐसी अपीलों से देश में महंगाई, मंदी और आर्थिक संकट का डर बढ़ेगा। सरकार का काम लोगों में भरोसा पैदा करना होता है, डर और अफरा-तफरी फैलाना नहीं। अखिलेश ने भाजपा सरकार पर विदेश नीति और गृह नीति दोनों में असफल होने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक दबाव से परेशान है।

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा ने राजनीति, समाज, संस्कृति और अर्थव्यवस्था हर क्षेत्र को नुकसान पहुंचाया है और अब जनता सब समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जनता भाजपा को जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *