CM डॉ. मोहन यादव का भावुक संदेश: मातृ दिवस पर मां को किया नमन, 1857 की क्रांति के वीरों के बलिदान को किया याद

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दो खास संदेश साझा करते हुए मातृ दिवस और 1857 की क्रांति के वीर सेनानियों को नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां हमारे जीवन की सबसे बड़ी शक्ति होती हैं, जो हमें संस्कार, संघर्ष और सही रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर व्यक्ति के जीवन में मां का आशीर्वाद सबसे बड़ा सहारा होता है।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने भारतीय संस्कृति में मां को प्रथम गुरु बताते हुए कहा कि मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण के बिना समाज का विकास अधूरा है। उन्होंने संस्कृत की पंक्तियों के माध्यम से मां की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि मां जैसी छाया, मां जैसा सहारा और मां जैसा प्रेम दुनिया में कोई नहीं दे सकता।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि 1857 की क्रांति भारत के स्वाभिमान, स्वतंत्रता और राष्ट्र चेतना का अमर अध्याय है। रानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे और मंगल पांडे जैसे वीरों का बलिदान आज भी देशवासियों को राष्ट्र प्रथम की भावना से काम करने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी की इस लड़ाई में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले सभी वीर सेनानियों का देश हमेशा ऋणी रहेगा और उनका साहस आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *