30% मुनाफे के लालच में बैंक कर्मचारी से 27.55 लाख की ठगी, फर्जी क्रिप्टो ऐप बनाकर साइबर ठगों ने बिछाया जाल

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि इस बार ठगों के निशाने पर कोई आम व्यक्ति नहीं, बल्कि एक बैंक कर्मचारी था। क्रिप्टोकरेंसी में निवेश पर 30 प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर साइबर अपराधियों ने उससे 27 लाख 55 हजार रुपये की ठगी कर ली। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार पीड़ित पुनीत तिवारी भोपाल के एक बैंक में कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि 25 मई के बाद से कुछ अज्ञात लोगों ने उनसे संपर्क करना शुरू किया और क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का दावा किया। भरोसा जीतने के लिए उनसे एक मोबाइल ऐप डाउनलोड कराया गया और शुरुआत में उसमें निवेश पर लगातार अच्छा मुनाफा दिखाया गया।

ऐप पर बढ़ता हुआ फर्जी मुनाफा देखकर पुनीत तिवारी को भरोसा हो गया। इसके बाद उन्होंने ठगों के बताए अनुसार अलग-अलग नौ बैंक खातों में कुल 27 लाख 55 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। जांच में सामने आया है कि इन खातों में से पांच मुंबई, एक पुणे और तीन अन्य राज्यों के हैं।

जब पीड़ित ने निवेश की गई रकम और मुनाफा निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने संपर्क बंद कर दिया। इसके साथ ही ऐप पर दिखाई जा रही पूरी राशि भी गायब हो गई। तब उन्हें एहसास हुआ कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं।

घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत ई-जीरो एफआईआर दर्ज कराई। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद मामला भोपाल के जहांगीराबाद थाने को सौंप दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की टीम उन नौ बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और अन्य डिजिटल सबूतों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *