BJP एक्शन मोड में! हरदा में गुटबाजी खत्म करने मैदान में उतरे प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल

भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा नेताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए अपनी कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में हरदा जिले के नेताओं और पदाधिकारियों के बीच समन्वय बढ़ाने के उद्देश्य से भोपाल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। खास बात यह रही कि इस बैठक की कमान खुद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने संभाली।

हरदा जिले में पिछले कुछ समय से नेताओं के बीच समन्वय की कमी और अंदरूनी खींचतान की चर्चाओं के बीच आयोजित इस बैठक को संगठनात्मक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने बैठक में मौजूद नेताओं और पदाधिकारियों से सीधे संवाद करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और आपसी मतभेदों को भुलाकर एकजुट होकर काम करने का संदेश दिया।

बैठक के दौरान संगठनात्मक एकता, बेहतर समन्वय और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी नेतृत्व का स्पष्ट संदेश था कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और इसके लिए सभी नेताओं को एक मंच पर आकर काम करना होगा।

इस महत्वपूर्ण बैठक में क्षेत्र के कई वरिष्ठ और प्रभावशाली भाजपा नेता मौजूद रहे। इनमें पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल, पूर्व विधायक संजय शाह, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष अमरसिंह मीणा और सहकारिता प्रकोष्ठ के पूर्व जिला संयोजक राधेश्याम डूडी सहित कई प्रमुख नेता शामिल हुए।

राजनीतिक गलियारों में इस बैठक को लेकर काफी चर्चा है। माना जा रहा है कि प्रदेश नेतृत्व हरदा में किसी भी प्रकार की गुटबाजी या मतभेद को खत्म कर संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की इस पहल के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि हरदा भाजपा में आपसी तालमेल बेहतर होगा और संगठन आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए पहले से ज्यादा मजबूती के साथ तैयार नजर आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *