अजब-गजब! पानी की टंकी पर चढ़ गया सांड, नीचे उतारने के लिए घंटों चली मशक्कत

नरसिंहपुर। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां एक सांड गांव के ऊंचे मकानों को छोड़ सीधे पानी की टंकी पर जा चढ़ा। टंकी की ऊंचाई पर खड़े सांड को देखकर ग्रामीण भी हैरत में पड़ गए और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

यह अनोखी घटना तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम भामा की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक गांव की पानी की टंकी तक पहुंचने वाली सीढ़ियों से सांड धीरे-धीरे ऊपर चढ़ गया और सीधे टंकी के शीर्ष पर पहुंच गया। लेकिन ऊपर पहुंचने के बाद वह नीचे उतरने का रास्ता नहीं खोज पाया और वहीं फंस गया।

जब ग्रामीणों की नजर टंकी के ऊपर खड़े सांड पर पड़ी तो पूरे गांव में चर्चा शुरू हो गई। लोगों ने तुरंत सांड को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश शुरू की। इसके लिए रस्सियों और कई देसी जुगाड़ों का सहारा लिया गया। काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद ग्रामीणों ने सूझबूझ और मेहनत से सांड को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

सांड के सुरक्षित नीचे आने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया, जिसमें टंकी पर खड़ा सांड और उसे नीचे उतारने की कोशिशें साफ दिखाई दे रही हैं।

अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस अनोखे नजारे को देखकर हैरानी भी जता रहे हैं और मजेदार प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। नरसिंहपुर की यह अजब-गजब घटना इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *