भोपाल। भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश में अपने संगठन को और अधिक मजबूत, आधुनिक और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। अब बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर तक के कार्यकर्ताओं को ऑनलाइन परीक्षा देनी होगी। इसके लिए पार्टी ने एक विशेष डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम शुरू किया है, जिसमें सफल होने वाले कार्यकर्ताओं को आधिकारिक सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा।
इसी उद्देश्य से भाजपा ने ‘पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान’ की शुरुआत की है। यह अभियान 23 जून से शुरू हो चुका है और 6 जुलाई तक चलेगा। इसके तहत बूथ और मंडल स्तर के सक्रिय कार्यकर्ताओं को वैचारिक और तकनीकी रूप से प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि संगठन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम को डिजिटल मोड में संचालित किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं को पार्टी के आधिकारिक संगठन ऐप के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी प्रतिभागियों को ऑनलाइन परीक्षा देनी होगी, जिसमें संगठन, विचारधारा और प्रशिक्षण से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा सफलतापूर्वक पास करने वाले कार्यकर्ताओं को पार्टी की ओर से आधिकारिक सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा।
पार्टी सूत्रों के अनुसार यह सर्टिफिकेट केवल एक प्रशिक्षण प्रमाणपत्र नहीं होगा, बल्कि भविष्य में संगठन के भीतर जिम्मेदारियां और महत्वपूर्ण पद देने में भी इसकी अहम भूमिका हो सकती है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में जिन कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन इस डिजिटल टेस्ट में बेहतर रहेगा, उन्हें संगठन में आगे बढ़ने और चुनावी जिम्मेदारियां संभालने का अधिक अवसर मिल सकता है।
भाजपा का मानना है कि डिजिटल प्रशिक्षण और मूल्यांकन की यह नई व्यवस्था कार्यकर्ताओं को अधिक सक्षम, अनुशासित और तकनीकी रूप से दक्ष बनाएगी। साथ ही संगठन के कामकाज में पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ाने में भी यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

