जीतू पटवारी की सभा में हंगामा! ग्रामीण के सवाल के बाद समर्थकों में मारपीट, VIDEO वायरल

दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव के बीच कांग्रेस की एक सभा अचानक विवादों में आ गई। जिगना गांव में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में नुक्कड़ सभा को संबोधित कर रहे थे, तभी एक ग्रामीण ने मंच के सामने खड़े होकर कुछ सवाल पूछे, जिसके बाद माहौल गर्मा गया।

जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण राज गौतम ने जीतू पटवारी से पूछा कि यदि कांग्रेस संविधान की बात करती है, तो पूर्व विधायक से जुड़े मामलों में अदालत के फैसलों पर पार्टी का क्या कहना है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के नाम के साथ लगे “कुंवर” शब्द को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि लोकतंत्र में सभी बराबर हैं।

सभा के दौरान पूछे गए इन सवालों के बाद वहां मौजूद कुछ लोगों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दो लोगों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कराया।

इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद यह घटना चर्चा का विषय बन गई है।

दतिया उपचुनाव के बीच हुई इस घटना ने राजनीतिक हलकों में भी हलचल बढ़ा दी है। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि इस मामले पर संबंधित पक्षों की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

फिलहाल, वायरल वीडियो और जनसभा में हुए इस हंगामे को लेकर इलाके में चर्चाओं का दौर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *