शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से सरकारी स्कूल की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदरवास विकासखंड के ग्राम बरखेड़ा खुर्द स्थित प्राथमिक विद्यालय में छात्राओं से स्कूल परिसर और कक्षाओं की सफाई कराए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
वायरल वीडियो में छोटी-छोटी बच्चियां हाथों में झाड़ू लिए स्कूल की सफाई करती दिखाई दे रही हैं। जिन हाथों में किताबें और कॉपियां होनी चाहिए, वे हाथ सफाई में लगे नजर आए। घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने भी इस पर नाराजगी जताई है।
जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो स्कूल के समय का बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने बच्चियों को सफाई करते देखा तो उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। हालांकि, स्थानीय स्तर पर यह भी कहा जा रहा है कि कई सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में भृत्य या सफाईकर्मी नहीं होने के कारण शिक्षकों को बच्चों से ही सफाई करानी पड़ती है।
मामले के तूल पकड़ने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है। बदरवास बीआरसी कार्यालय ने पूरे मामले की जानकारी जुटाने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
इस घटना ने एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या बच्चों से स्कूल की साफ-सफाई कराना उचित है? यदि स्कूलों में सफाईकर्मियों की कमी है, तो उसकी व्यवस्था करना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है, न कि पढ़ाई करने आए बच्चों से यह काम कराना।
अब सभी की नजरें शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं। देखना होगा कि जांच के बाद इस मामले में क्या कदम उठाए जाते हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या व्यवस्था की जाती है।

