आलीराजपुर। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले के बोरी गांव में हुई जघन्य घटना को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पीड़िता को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि इस मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत उनके खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि घटना के बाद कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान लगातार पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों के संपर्क में रहे और उन्होंने पूरे मामले की जानकारी मुख्यमंत्री तक पहुंचाई।
इसके बाद मुख्यमंत्री से मुलाकात कर नागरसिंह चौहान ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की, जिसे तत्काल मंजूरी दे दी गई। इस दौरान भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल भी बोरी गांव पहुंचा और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि पीड़िता के इलाज की लगातार निगरानी की जाए और सभी जरूरी चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। वहीं, पुलिस विभाग को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने एक बार फिर दोहराया कि प्रदेश सरकार महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को किसी भी कीमत पर राहत नहीं दी जाएगी।
अब इस मामले में सभी की नजरें पुलिस की कार्रवाई और पीड़िता के स्वास्थ्य पर बनी हुई हैं।

