इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर चुटीले अंदाज में निशाना साधा। भाजपा विधायक मधु वर्मा की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने कहा कि मधु भैया ने विपक्ष को ऐसी चौपड़ सिखाई है कि वे आज तक संभल नहीं पाए हैं। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि विपक्ष को चारों खाने चित कर दिया गया और अब तक उनके होश नहीं लौटे हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कुछ लोग जनता के बीच जाकर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन इस क्षेत्र में आने से बचते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इधर आ जाएंगे तो फिर उन्हें सब कुछ याद दिला दिया जाएगा। इसी दौरान उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि मधु भैया को देखते ही भेरूजी आने लगते हैं, जिसके बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच ठहाके गूंज उठे।
दरअसल मुख्यमंत्री तुलसी नगर पुलिया से निपानिया तक प्रस्तावित सड़क निर्माण और प्राइमरी व आंतरिक सीवर लाइन परियोजना के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। अपने संबोधन में उन्होंने इंदौर नगर निगम की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया और कहा कि स्वच्छता, प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं में इंदौर ने पूरे देश में अलग पहचान बनाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अवधि में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और भारत तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, अधोसंरचना और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखने को मिल रहे हैं और मेडिकल कॉलेजों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि तुलसी नगर पुलिया से निपानिया तक बनने वाली सड़क और सीवर परियोजना पर करीब 16 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। लगभग 1.30 किलोमीटर लंबी यह सड़क आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित की जाएगी, जिससे तुलसी नगर, निपानिया, अंकुर आंगन, राजाराम एवेन्यू और महालक्ष्मी नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने एक और बड़ी घोषणा करते हुए कनाड़िया रोड से खजराना रोड तक करीब 1400 मीटर लंबी लिंक रोड बनाने की बात कही। साथ ही पूर्वी रिंग रोड से रोबोट चौराहे तक छह लेन फ्लाईओवर निर्माण की भी घोषणा की, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 50 करोड़ रुपए बताई गई है। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियों को वैध करने की दिशा में भी सरकार ठोस कदम उठाने जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए गए। इस मौके पर कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों की यही गति आने वाले समय में भी जारी रहेगी और प्रदेश के हर जिले तक विकास का लाभ पहुंचाया जाएगा।

