हरदा। शहर की बदहाल व्यवस्थाओं, बढ़ते टैक्स और नगर पालिका के फैसलों के खिलाफ गुरुवार को कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन छेड़ दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विशाल जनआक्रोश रैली निकालकर नगर पालिका कार्यालय का घेराव किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यह रैली नारायण टॉकीज चौराहे से शुरू होकर नगर पालिका कार्यालय तक पहुंची, जहां प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झूमाझटकी भी देखने को मिली। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
इस प्रदर्शन की खास बात यह रही कि कांग्रेस कार्यकर्ता अपने हाथों में थाली और सीटी लेकर पहुंचे। उन्होंने नगर प्रशासन को जगाने के लिए प्रतीकात्मक रूप से थाली और सीटी बजाकर विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा शासित नगर पालिका में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी बढ़ गई है, जिसके चलते आम जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शहर में पानी की भारी किल्लत है, लोगों को गंदा पेयजल मिल रहा है, सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और कचरा प्रबंधन की स्थिति भी बेहद खराब है। इन समस्याओं के बावजूद नगर पालिका जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ा रही है।
घेराव के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नल टैक्स में की गई बढ़ोतरी का भी विरोध किया। उनका कहना है कि पहले जहां नल टैक्स 75 रुपये था, उसे बढ़ाकर सीधे 200 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा संपत्ति कर में भी भारी वृद्धि की गई है, जिससे आम नागरिकों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। कांग्रेस ने इन फैसलों को जनविरोधी बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की।
वहीं क्षेत्रीय विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने भी नगर पालिका के अतिक्रमण हटाओ अभियान पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में चलाया जा रहा यह अभियान गरीब परिवारों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है और कई लोगों के सिर से छत छिनने का खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से इस कार्रवाई को तत्काल रोकने की मांग की।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने नवागत मुख्य नगर पालिका अधिकारी रोशन सिंह गौतम को 16 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बढ़े हुए नल टैक्स और संपत्ति कर को वापस लेने, अवैध कॉलोनियों को वैध करने, पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने और पट्टा वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने जैसी कई मांगें शामिल हैं।
कांग्रेस ने साफ चेतावनी दी है कि यदि इन मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक तथा उग्र रूप दिया जाएगा। फिलहाल नगर पालिका के खिलाफ कांग्रेस का यह प्रदर्शन शहर में चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है।

