दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले के पंडोखर धाम में शुक्रवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब भोजपुरी कलाकार आम्रपाली के डांस कार्यक्रम के दौरान अचानक भीड़ बेकाबू हो गई और हालात काबू से बाहर जाते देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, इस कार्रवाई में महिलाओं को भी नहीं बख्शे जाने के आरोप लगे हैं, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे और जैसे ही भीड़ अनियंत्रित हुई, स्थिति संभालने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया, इस दौरान कुछ महिलाओं के घायल होने की भी खबर सामने आई है, जिससे मामला और ज्यादा संवेदनशील हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही दतिया से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया और किसी तरह हालात को नियंत्रण में लाया गया, लेकिन कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने पंडोखर थाना प्रभारी रिपुदमन सिंह पर अनावश्यक रूप से लाठीचार्ज करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग लगातार थाना प्रभारी को हटाने की मांग कर रहे हैं, फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले की जांच की जा रही है।

