धुरंधर-2 पर हाईकोर्ट सख्त, राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

दिल्ली हाई कोर्ट में फिल्म ‘धुरंधर-2’ को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। एक सैन्यकर्मी की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड यानी CBFC को फिल्म के कुछ दृश्यों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। याचिकाकर्ता का दावा है कि फिल्म में भारतीय सेना की रणनीतियों, ऑपरेशनल जानकारी और संवेदनशील रक्षा परियोजनाओं से जुड़ी बातें दिखाई गई हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती हैं।

मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की खंडपीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि याचिकाकर्ता द्वारा उठाए गए मुद्दे गंभीर और विचारणीय हैं। अदालत ने यह भी माना कि भले ही फिल्म को काल्पनिक बताया गया हो, लेकिन अगर उसमें संवेदनशील जानकारी दिखाई जाती है तो उसे पूरी तरह नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

यह जनहित याचिका सशस्त्र सीमा बल यानी SSB के हेड कांस्टेबल दीपक कुमार की ओर से दायर की गई थी। उन्होंने अदालत में कहा कि फिल्म के कुछ दृश्यों में सेना और सुरक्षा बलों की कार्यप्रणाली को अत्यधिक विस्तार से दिखाया गया है। उनका कहना है कि इस तरह की जानकारी सार्वजनिक होने से देश की सुरक्षा और अखंडता प्रभावित हो सकती है।

सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने फिल्मों के प्रभाव पर भी अहम टिप्पणी की। अदालत ने कहा कि फिल्मों का असर केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज पर भी उसका गहरा प्रभाव पड़ता है। अगर किसी फिल्म में संवेदनशील या खतरनाक गतिविधियों को विस्तार से दिखाया जाए, तो यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि ऐसे दृश्य कितने जरूरी हैं। इसी वजह से सेंसरशिप और स्पष्ट दिशानिर्देशों की जरूरत पड़ती है।

याचिकाकर्ता ने कोर्ट को बताया कि उन्होंने 23 मार्च 2026 को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और CBFC को विस्तृत शिकायत भेजी थी, जिसमें फिल्म के कई दृश्यों पर आपत्ति जताई गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में भी याचिका दायर की जा चुकी है।

अब हाई कोर्ट ने मंत्रालय और CBFC को निर्देश दिया है कि इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जाए और जरूरत पड़ने पर सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। साथ ही अदालत ने यह भी कहा है कि जांच के बाद लिया गया फैसला याचिकाकर्ता को बताया जाए।

वहीं दूसरी तरफ फिल्म ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर-2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘धुरंधर’ ने दुनियाभर में करीब 1300 करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार किया था। वहीं ‘धुरंधर-2’ भी रिलीज के दो महीने बाद तक सिनेमाघरों में जबरदस्त कमाई कर रही है और इसकी वर्ल्डवाइड कमाई करीब 1800 करोड़ रुपए तक पहुंचने की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *