पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। अमानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बांधीकला में 28 वर्षीय युवक रामनाथ चौधरी ने कथित पारिवारिक विवाद और अपमान से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिसके बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक रामनाथ चौधरी अपनी पत्नी सुमन बाई के साथ 7 मई को अपने साले की शादी में शामिल होने ससुराल महेवा गया था। बताया जा रहा है कि 11 मई की रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। मृतक के भाई रवि चौधरी का आरोप है कि इस दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने रामनाथ का अपमान किया, जिससे वह बेहद आहत हो गया।
ससुराल से निकलने के बाद रामनाथ बांधा के पास पहुंचा और वहां जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसने अपने बड़े भाई रमेश को फोन किया। फोन पर उसकी आवाज कांप रही थी। उसने कहा, “अगर मुझे जिंदा देखना चाहते हो तो यहां आ जाओ… मुझे बचा लो…”
परिजन जब मौके पर पहुंचे तब तक रामनाथ तड़प रहा था। परिवार का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद 108 एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची, जिसके कारण उन्हें निजी ई-रिक्शा से युवक को जिला अस्पताल ले जाना पड़ा। लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान 12 मई को रामनाथ ने दम तोड़ दिया।
मजदूरी करके परिवार चलाने वाले रामनाथ की मौत के बाद उसके दो मासूम बेटों अंशुल और आकाश के सिर से पिता का साया उठ गया है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

