PM मोदी की अपील का असर! MP हाईकोर्ट के जस्टिस डीडी बंसल साइकिल से पहुंचे कोर्ट, दिया पेट्रोल-डीजल बचाने का बड़ा संदेश

जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील का असर अब देशभर में दिखाई देने लगा है। मध्यप्रदेश के जबलपुर में इसका एक खास उदाहरण देखने को मिला, जहां एमपी हाईकोर्ट के जस्टिस डीडी बंसल साइकिल चलाकर कोर्ट पहुंचे। उन्होंने आम लोगों को ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

जस्टिस डीडी बंसल शहर की व्यस्त और भीड़भाड़ वाली सड़कों पर करीब 3 किलोमीटर तक साइकिल चलाते नजर आए। उन्होंने सिविल लाइंस स्थित पचपेढ़ी के सरकारी आवास से मध्यप्रदेश हाईकोर्ट तक साइकिल से सफर तय किया। संकट के समय प्रधानमंत्री के आह्वान के बाद यह पहला मौका था जब जस्टिस बंसल साइकिल से कोर्ट पहुंचे।

इस दौरान कोर्ट के एक कर्मचारी ने भी उनका साथ दिया। कर्मचारी बैग, टिफिन और जरूरी सामान लेकर जस्टिस बंसल के साथ साइकिल चलाते हुए कोर्ट पहुंचा। जस्टिस बंसल ने कहा कि जहां तक संभव हो लोगों को साइकिल का इस्तेमाल करना चाहिए ताकि तेल की बचत हो सके और पर्यावरण भी सुरक्षित रहे।

उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ इसलिए साइकिल नहीं छोड़नी चाहिए क्योंकि कोई बड़े पद पर है। हाईकोर्ट जज होकर साइकिल से नहीं जा सकते, ऐसा सोचना पूरी तरह गलत है। जस्टिस बंसल ने बताया कि उन्हें मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा से भी प्रेरणा मिली है।

अब जस्टिस डीडी बंसल की यह पहल शहर में चर्चा का विषय बन गई है और लोग इसे एक सकारात्मक संदेश के तौर पर देख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *