खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां ठेला चोरी के शक में कुछ युवकों ने एक युवक को बीच सड़क पकड़ लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं, उसे सरेआम मुर्गा भी बनाया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार दोपहर एक युवक जलेबी चौक से एक ठेला धकेलते हुए तीन पुलिया इलाके तक पहुंचा था। इसी दौरान कुछ युवकों को उस पर ठेला चोरी का शक हुआ। पांच से छह लड़कों ने उसे घेर लिया और ठेले के बारे में पूछताछ शुरू कर दी। जब युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया तो आरोप है कि युवकों ने पतली लकड़ी की किमचली और डंडों से उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद उसे काफी देर तक मुर्गा बनाकर भी रखा गया।
घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपनी हिरासत में लेकर कोतवाली थाने ले गई। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही मारपीट करने वाले युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है।

