इंदौर में साइबर ठगी का बड़ा मामला, कांग्रेस नेता का व्हाट्सएप अकाउंट हैक

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर से साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शहर कांग्रेस अध्यक्ष और नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया गया।

हैकर्स ने अकाउंट पर कब्जा करते ही उनके मोबाइल में सेव सभी कॉन्टैक्ट्स को मैसेज भेजना शुरू कर दिया और 50 से 52 हजार रुपये तक की तत्काल मदद की मांग करने लगे, जिससे कई लोग भ्रमित हो गए।

बताया जा रहा है कि इस साइबर ठगी की शुरुआत एक संदिग्ध कॉल से हुई, जिसमें पार्सल डिलीवरी के नाम पर उनसे संपर्क किया गया और एक नंबर पर कॉल करने के लिए कहा गया।

चिंटू चौकसे ने दिए गए नंबर पर कॉल भी किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला, और कुछ ही देर बाद उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया, जिसके बाद लोगों के पास पैसों की मांग वाले मैसेज पहुंचने लगे।

जैसे ही इस घटना की जानकारी उन्हें मिली, उन्होंने तुरंत क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल साइबर ठगों की तलाश जारी है और पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि ऐसे किसी भी संदिग्ध मैसेज या कॉल पर भरोसा न करें और सतर्क रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *