ग्वालियर।ग्वालियर की चर्चित सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और ‘इंस्टाग्राम क्वीन’ के नाम से मशहूर 21 वर्षीय पलक रजक की संदिग्ध मौत मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। मुरार थाना पुलिस ने पलक के पति, देवर और सास के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी लगने से दम घुटना बताई गई है, लेकिन परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या करार दिया है।
ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र स्थित सुरैयापुरा इलाके में रहने वाली पलक रजक का शव 12 मई की शाम उसके ससुराल में मिला था। कम उम्र में हुई इस मौत ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट या मारपीट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन पलक के परिवार ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पलक के पिता राधेश्याम रजक और भाई प्रिंस रजक का आरोप है कि शादी के बाद से ही पलक को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार का कहना है कि ससुराल वाले कार और सोने की चेन की मांग कर रहे थे। आरोप है कि सास और देवर मानसिक रूप से परेशान करते थे, जबकि पति अमित ने कभी उसका साथ नहीं दिया।
परिजनों के मुताबिक मौत से करीब 20 मिनट पहले पलक ने अपने पिता को फोन कर अपनी तकलीफ बताई थी। भाई प्रिंस उसे लेने जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत की खबर आ गई।
पलक सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थी और इंस्टाग्राम पर उसकी बड़ी फैन फॉलोइंग थी। पुलिस को उसकी प्रोफाइल से कई ऐसे वीडियो और रील्स मिले हैं, जिनमें वह मानसिक तनाव और डिप्रेशन की ओर इशारा करती नजर आ रही है। 10 मई को पोस्ट की गई एक रील में उसने Panic Attack, Anxiety, Sleepless Nights, Continuous Crying और Depression जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। वहीं शादी की सालगिरह पर पोस्ट की गई एक अन्य रील में भी उसने दर्द और टूटन से जुड़ी बातें शेयर की थीं।
मामले में CSP अतुल सोनी ने बताया कि पहले मर्ग कायम कर जांच की जा रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आरोपों के आधार पर अब पति अमित, देवर आकाश और सास मीरा देवी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस सोशल मीडिया एक्टिविटी, कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि पलक रजक की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी है। इसका खुलासा अब पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा।

