इंदौर के मंच से कैलाश विजयवर्गीय का अंदाज वायरल! ‘घर की मुर्गी’ से लेकर नेताओं पर मजेदार टिप्पणियों तक खूब गूंजे ठहाके

इंदौर। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एक बार फिर अपने बेबाक और हास्यपूर्ण अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। इंदौर में आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम के दौरान उनका संबोधन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मंच से उन्होंने जहां जल संरक्षण और जल संकट को लेकर जनप्रतिनिधियों को गंभीर संदेश दिया, वहीं अपने चुटीले अंदाज से मौजूद लोगों को खूब हंसाया।

अपने संबोधन में कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि शहर में जल संरक्षण को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है। उन्होंने पार्षदों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वर्षा जल संरक्षण और वॉटर हार्वेस्टिंग जैसे कार्यों को गंभीरता से लागू कराया जाए, ताकि भविष्य में पानी की समस्या से बचा जा सके।

इसके बाद उनका अंदाज पूरी तरह बदला और उन्होंने मंच पर मौजूद नेताओं को लेकर हल्के-फुल्के अंदाज में कई टिप्पणियां कीं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की तारीफ करते हुए उन्होंने उनकी तुलना पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री से की और कहा कि कद से नहीं, काम से पहचान बनती है।

कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल का जिक्र करते हुए उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि उनकी लंबी हाइट की तरह उनके काम भी बड़े होते हैं। वहीं इंदौर के विधायक रमेश मेंदोला को लेकर उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनका हाल तो ‘घर की मुर्गी दाल बराबर’ जैसा है। उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे।

कैलाश विजयवर्गीय का यह संबोधन अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि मजाक और हंसी के बीच उन्होंने जल संरक्षण का संदेश भी उतनी ही गंभीरता से दिया और कहा कि पेड़ लगाना और पानी बचाना आने वाले समय की सबसे बड़ी जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *