ख्याति जैन डेथ केस: CCTV फुटेज से बढ़े सवाल, 25 दिन बाद भी जांच अधूरी, परिवार ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग

भोपाल। राजधानी भोपाल में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही ख्याति जैन की मौत का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। अब इस मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। ख्याति के घर में तनिष के प्रवेश का कथित सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद परिवार ने इसे अहम सबूत बताते हुए जांच की दिशा पर सवाल उठाए हैं। ख्याति की मौत को 25 दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक जांच किसी स्पष्ट नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है।

परिजनों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर तनिष को घर में जाते हुए देखा जा सकता है। परिवार का आरोप है कि इस महत्वपूर्ण तथ्य को गंभीरता से लेकर मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जानी चाहिए। उनका कहना है कि पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच हो और जो भी तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

मृतका की मां वर्षा जैन ने बताया कि उनकी बेटी के साथ उनके संबंध बेहद अच्छे थे। मदर्स डे पर ख्याति ने उन्हें उपहार देकर खास महसूस कराया था। परिवार के मुताबिक ख्याति पढ़ाई को लेकर बेहद गंभीर थी और अपने भविष्य को लेकर बड़े सपने देख रही थी। उसके कमरे में लिखे गए नोट्स और लक्ष्य भी उसके सपनों और मेहनत को दर्शाते हैं। मां का आरोप है कि तनिष और ख्याति की दोस्ती को लेकर उन्हें आपत्ति थी और उनकी गैरमौजूदगी में ही तनिष घर पहुंचा था।

वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। जांच एजेंसियां साइबर रिपोर्ट और विसरा रिपोर्ट का इंतजार कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार इन रिपोर्टों के आने के बाद ही मामले की आगे की दिशा तय होगी और उसी आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल ख्याति जैन की मौत का रहस्य बरकरार है। परिवार लगातार निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहा है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाने का दावा कर रही है। अब सबकी नजरें उन रिपोर्टों पर टिकी हैं, जिनसे इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *