अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। दक्षिण पूर्व कोलफील्ड लिमिटेड यानी एसईसीएल के कोतमा-जमुना क्षेत्र की बरतराई खदान से सटे ग्राम मलगा में स्थित पीएम श्री स्कूल के पास अचानक जमीन धंस गई। घटना के बाद पूरे इलाके में चिंता का माहौल है, क्योंकि इस स्कूल में 800 से अधिक छात्र-छात्राएं पढ़ाई करते हैं।
जानकारी के अनुसार, जमीन धंसने की सूचना मिलने पर बरतराई खदान के प्रबंधक अनिल कुमार यादव और उनकी टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने इसे खदान के विकास क्षेत्र का हिस्सा बताते हुए कहा कि यह सामान्य तकनीकी क्षेत्र है। साथ ही आश्वासन दिया गया कि धंसे हुए हिस्से को जल्द भरा जाएगा, वहां फेंसिंग की जाएगी और चेतावनी बोर्ड भी लगाया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि यहां कोई खदान संबंधी बड़ी संरचनात्मक समस्या नहीं है।
हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जमीन अचानक धंसी है और आसपास कई जगह दरारें भी दिखाई दे रही हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जरूरी कदम नहीं उठाए गए तो स्कूल भवन और आसपास का क्षेत्र भी प्रभावित हो सकता है, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के काफी समय बाद तक राजस्व विभाग का जिम्मेदार अधिकारी, यानी हल्का पटवारी, मौके पर नहीं पहुंचा। इसे लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली और उन्होंने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
अब ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्र का भू-वैज्ञानिक सर्वे कराया जाए, ताकि जमीन धंसने के वास्तविक कारणों का पता चल सके और भविष्य में किसी संभावित हादसे को रोका जा सके।
फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं, स्थानीय लोग जल्द से जल्द प्रभावी कार्रवाई और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।

