दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की हार के बाद अब राजनीतिक माहौल के साथ-साथ राजपरिवार में भी हलचल तेज हो गई है। चुनाव प्रचार के दौरान महाराजा गोविंद देव ने कहा था कि अगर इस उपचुनाव में बीजेपी हार गई, तो वे अपना मुंडन कराएंगे। चुनाव परिणाम आने के बाद इस बयान को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही थीं।
अब इन तमाम अटकलों के बीच महाराजा गोविंद देव ने खुद सामने आकर अपनी स्थिति साफ कर दी है। उन्होंने कहा कि वे अपने वचन पर पूरी तरह कायम हैं और जो बात जनता के सामने कही थी, उसे जरूर निभाएंगे।
महाराजा गोविंद देव ने कहा, “मैं अपने वचन से बंधा हुआ हूं। भाजपा की हार के बाद मैं निश्चित रूप से अपना मुंडन कराऊंगा।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक दोनों ही हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अब स्थानीय लोगों और समर्थकों की नजर इस बात पर टिकी है कि महाराजा गोविंद देव अपना यह वादा कब पूरा करते हैं। दतिया उपचुनाव के बाद उनका यह बयान क्षेत्र की राजनीति में चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है।

