भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव के नतीजों के बाद भारतीय जनता पार्टी के भीतर असंतोष की चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की बहू और जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता राहुल सिंह की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है।
उमिता राहुल सिंह ने अपनी पोस्ट में पार्टी की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक रवैये पर सवाल उठाते हुए लिखा, “जब कार्यकर्ताओं की जगह अधिकारी यह कहने लगें कि हमारी पहुंच ऊपर तक है, तब परिणाम विपरीत ही आते हैं।” उनके इस बयान को दतिया उपचुनाव के नतीजों से जोड़कर देखा जा रहा है।
सोशल मीडिया पर साझा की गई इस पोस्ट को पार्टी के अंदर पनप रहे असंतोष का संकेत माना जा रहा है। उमिता राहुल सिंह ने इशारों-इशारों में यह संदेश देने की कोशिश की कि यदि जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर अधिकारियों को प्राथमिकता दी जाएगी, तो इसका असर चुनावी परिणामों पर पड़ सकता है।
दतिया उपचुनाव के बाद सामने आई इस प्रतिक्रिया ने भाजपा संगठन के भीतर हलचल बढ़ा दी है। अब इस पोस्ट को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं और इसे पार्टी के अंदरूनी माहौल से जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल इस मामले पर पार्टी नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

