छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में केन-बेतवा लिंक परियोजना के विरोध को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यूथ कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार सहित करीब 50 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम ढोड़न में चल रहे प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने यह कार्रवाई की, जिसमें प्रदर्शनकारियों पर शासकीय कार्य में बाधा डालने, कर्मचारियों से अभद्रता करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
बताया जा रहा है कि चंद्रनगर रेंजर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने यह कदम उठाया। मामला तब और बढ़ गया जब प्रदर्शन से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके आधार पर पुलिस अब अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, वीडियो साक्ष्यों के जरिए 10 से 15 लोगों की पहचान की जा चुकी है और आगे भी जांच जारी है।
बमीठा थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे ने बताया कि वन परिक्षेत्र अधिकारी राजेंद्र तिवारी की शिकायत पर यह एफआईआर दर्ज की गई है और मामले में लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम सहित अन्य धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

