दतिया उपचुनाव से पहले बड़ा सियासी उलटफेर! कांग्रेस उम्मीदवार के भाई महाराज गोविंद देव बीजेपी में शामिल

दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव से पहले मध्य प्रदेश की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। दतिया राजपरिवार से जुड़े महाराज गोविंद देव ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। खास बात यह है कि कांग्रेस ने इसी राजपरिवार के कुंअर घनश्याम सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में चुनाव से ठीक पहले हुई इस राजनीतिक एंट्री ने दतिया के सियासी समीकरणों को नई दिशा दे दी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने एक कार्यक्रम के दौरान महाराज गोविंद देव को पार्टी की सदस्यता दिलाई। बीजेपी आईटी सेल कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें भगवा गमछा पहनाकर पार्टी में शामिल किया गया। इसके बाद उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे।

महाराज गोविंद देव के भाजपा में शामिल होने के बाद अब दतिया राजपरिवार की राजनीतिक स्थिति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। क्योंकि कांग्रेस की ओर से मैदान में उतरे कुंअर घनश्याम सिंह और महाराज गोविंद देव के बीच पारिवारिक संबंध होने की बात कही जा रही है। ऐसे में इस घटनाक्रम को उपचुनाव के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राजपरिवार का स्थानीय स्तर पर प्रभाव रहा है और ऐसे में चुनाव से ठीक पहले हुए इस बदलाव का असर मतदाताओं पर पड़ सकता है। हालांकि, इसका वास्तविक प्रभाव मतदान के दिन ही सामने आएगा।

वहीं, भाजपा इस शामिल होने को अपने लिए सकारात्मक संकेत मान रही है, जबकि कांग्रेस की ओर से अभी तक इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

अब सभी की निगाहें दतिया उपचुनाव पर टिकी हैं। देखना दिलचस्प होगा कि चुनावी मैदान में यह सियासी बदलाव कितना असर दिखाता है और क्या महाराज गोविंद देव की भाजपा में एंट्री उपचुनाव के नतीजों को प्रभावित कर पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *