रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। जवा थाना क्षेत्र के गढ़ा गांव के दादर टोला में 25 वर्षीय महिला का शव घर के बाहर पेड़ के नीचे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने पति पर प्रताड़ना और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान रूपा माझी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, करीब पांच साल पहले उसकी शादी राजू माझी से हुई थी। दंपति के दो छोटे बच्चे भी हैं। सोमवार सुबह रूपा की तबीयत अचानक बिगड़ने और उल्टियां होने की बात सामने आई। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत हो गई।
घटना ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब मायके पक्ष ने पति पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि राजू माझी शराब के नशे में अक्सर रूपा के साथ मारपीट करता था। उनका दावा है कि इस संबंध में पहले भी जवा थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे प्रताड़ना लगातार जारी रही।
मृतका की भाभी ने बताया कि सोमवार सुबह राजू माझी का फोन आया था। उसने कहा कि रूपा की तबीयत खराब है। जब उससे पूछा गया कि वह कहां है, तो उसने बताया कि वह गैस सिलेंडर लेने गया है। सूचना मिलने पर जब मायके पक्ष मौके पर पहुंचा तो रूपा का शव घर के बाहर पेड़ के नीचे पड़ा मिला। वहीं उसके दोनों छोटे बच्चे अपनी मां के शव के पास बैठे हुए थे। परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी लेने पर ससुराल पक्ष ने सहयोग करने के बजाय विवाद शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही जवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

