कंधों पर सिस्टम! दलदल में फंसी प्रसूता को 5 किलोमीटर तक उठाकर ले गए ग्रामीण, वायरल वीडियो ने खोली विकास की हकीकत

उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने विकास के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। करकेली विकासखंड की ग्राम पंचायत देवरा में एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने के बाद ग्रामीणों को उसे कंधों पर उठाकर कीचड़ भरे रास्ते से कई किलोमीटर दूर खड़ी एंबुलेंस तक पहुंचाना पड़ा। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार देवरा गांव की रहने वाली 28 वर्षीय मालती कोल को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस गांव के लिए रवाना हुई, लेकिन गांव तक जाने वाली सड़क दलदल में तब्दील होने के कारण एंबुलेंस राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर ही रुक गई। बताया जा रहा है कि गांव से करीब 5 किलोमीटर पहले ही वाहन आगे नहीं बढ़ सका।

इसके बाद ग्रामीणों ने पहले प्रसूता को ऑटो से अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन ऑटो भी कीचड़ में फंस गया। काफी देर तक वाहन को निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन जब कोई रास्ता नहीं बचा तो ग्रामीणों ने मालती कोल को कंधों पर उठाया और कीचड़ से भरे रास्ते को पार करते हुए पैदल एंबुलेंस तक पहुंचाया।

प्रसूता की सास मुन्नी ने बताया कि गांव में सड़क की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि पहले ऑटो से ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ता इतना खराब था कि वाहन बीच में ही फंस गया। मजबूरी में ग्रामीणों ने बहू को कंधों पर उठाकर एंबुलेंस तक पहुंचाया।

इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वायरल वीडियो ने इलाके में विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर उजागर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *