MPPSC राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 का शेड्यूल जारी, लंबे इंतजार के बाद अभ्यर्थियों को मिली बड़ी राहत

 इंदौर। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग यानी MPPSC ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया है। लंबे समय से मुख्य परीक्षा का इंतजार कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए आखिरकार राहत भरी खबर सामने आई है। आयोग ने परीक्षा कार्यक्रम जारी करते हुए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की अधिसूचना भी जारी कर दी है।

आयोग के अनुसार राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन 25 जून 2026 से शुरू होंगे और अभ्यर्थी 15 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। वहीं परीक्षा के प्रवेश पत्र 10 अगस्त 2026 को जारी किए जाएंगे। मुख्य परीक्षा का आयोजन 17 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक किया जाएगा।

MPPSC ने बताया कि राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 का परिणाम 5 मार्च 2025 को घोषित किया गया था। इसके बाद परीक्षा से जुड़े एक मामले की सुनवाई उच्च न्यायालय में चल रही थी। 18 जून 2026 को न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद मुख्य परीक्षा आयोजित करने का रास्ता साफ हुआ और आयोग ने परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया।

मुख्य परीक्षा प्रदेश के कई प्रमुख शहरों में आयोजित की जाएगी। इनमें भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, सागर, सतना, रतलाम, छिंदवाड़ा, शहडोल, बड़वानी और बालाघाट शामिल हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र का विवरण प्रवेश पत्र में उपलब्ध कराया जाएगा।

परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 17 अगस्त को सामान्य अध्ययन प्रथम प्रश्नपत्र, 18 अगस्त को सामान्य अध्ययन द्वितीय प्रश्नपत्र, 19 अगस्त को सामान्य अध्ययन तृतीय प्रश्नपत्र और 20 अगस्त को सामान्य अध्ययन चतुर्थ प्रश्नपत्र आयोजित होगा। इसके बाद 21 अगस्त को सामान्य हिंदी एवं व्याकरण तथा 22 अगस्त को हिंदी निबंध एवं प्रारूप लेखन का प्रश्नपत्र होगा।

आवेदन शुल्क की बात करें तो मध्यप्रदेश के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 400 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। जबकि अन्य सभी वर्गों और प्रदेश के बाहर के अभ्यर्थियों को 800 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। इसके अलावा 40 रुपये पोर्टल शुल्क भी अलग से देय रहेगा।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि तक आवेदन नहीं करने वाले उम्मीदवारों को विलंब शुल्क के साथ आवेदन का अवसर दिया जाएगा। हालांकि इसके लिए अभ्यर्थियों को अतिरिक्त शुल्क देना होगा, जो बाद के चरणों में बढ़कर 25 हजार रुपये तक पहुंच सकता है।

महत्वपूर्ण निर्देश जारी करते हुए आयोग ने कहा है कि हिंदी निबंध एवं प्रारूप लेखन प्रश्नपत्र का उत्तर सभी अभ्यर्थियों को अनिवार्य रूप से हिंदी भाषा में ही देना होगा। जबकि सामान्य अध्ययन के प्रश्नपत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में उपलब्ध रहेंगे।

करीब डेढ़ साल से मुख्य परीक्षा का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण अपडेट है। अब अभ्यर्थियों के पास आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए सीमित समय बचा है। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी जा रही है कि वे समय रहते आवेदन करें और परीक्षा की तैयारी में पूरी ताकत के साथ जुट जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *