जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में नाज़िया इलाही के खिलाफ मुस्लिम समुदाय की महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि एक पॉडकास्ट और सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में पैगंबर मोहम्मद के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है, जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
बुधवार को बड़ी संख्या में मुस्लिम महिलाएं गोहलपुर थाने पहुंचीं और नाज़िया इलाही के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित वीडियो को हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग की।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं का कहना था कि कथित टिप्पणी से पूरे समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची है। उनका आरोप है कि इस तरह के बयान समाज में तनाव पैदा कर सकते हैं, इसलिए मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान मुस्लिम महिला अलकमा मंसूरी ने कहा कि नाज़िया इलाही ने पैगंबर मोहम्मद के बारे में आपत्तिजनक बातें कही हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नाज़िया इलाही समाज में विवाद और वैमनस्य फैलाने का काम कर रही हैं।
वहीं, गोहलपुर थाने के पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी शिकायत की विधिवत जांच कराई जाएगी। पुलिस के अनुसार, प्राप्त ज्ञापन और संबंधित सामग्री को साइबर सेल भेजा जा रहा है, जहां वीडियो और अन्य तथ्यों की जांच की जाएगी।
गोहलपुर थाने के एसआई रवि सिंह परिहार ने बताया कि करीब 100 महिलाएं थाने पहुंची थीं। उनकी शिकायत है कि एक पॉडकास्ट में पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। पुलिस का कहना है कि साइबर सेल की जांच रिपोर्ट मिलने और तथ्यों के सत्यापन के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

