भोपाल। भोपाल के एयरपोर्ट रोड से रफ्तार के कहर और हादसे के बाद हुए विवाद का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि ओवरटेक करने के दौरान तेज रफ्तार कार ने एक ओला टैक्सी ड्राइवर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि ड्राइवर के दोनों पैरों में कई जगह फ्रैक्चर हो गया और सिर में भी गंभीर चोट आई है।
घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र के एयरपोर्ट रोड की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार में एक पुरुष और एक महिला सवार थे। आरोप है कि ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान कार बेकाबू हुई और सामने से आ रहे ओला ड्राइवर को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। साथी ड्राइवरों और स्थानीय लोगों ने कार को घेर लिया। इसी दौरान सामने आए एक वीडियो में कार सवार महिला यह कहते हुए नजर आ रही है, “मेरे पापा वकील हैं।” हादसे के बाद इस कथित बातचीत को लेकर मौके पर काफी हंगामा होने की बात सामने आई है।
उधर, घायल ओला ड्राइवर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक उसके दोनों पैरों में मल्टीपल फ्रैक्चर हुए हैं और सिर में भी गंभीर चोट आई है। हादसे के बाद उसके परिवार के सामने भी आजीविका का संकट खड़ा हो गया है, क्योंकि टैक्सी चलाकर परिवार का खर्च चलाने वाले ड्राइवर के लिए फिलहाल काम पर लौटना मुश्किल है।
हादसे के बाद एयरपोर्ट रोड पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मौके पर पुलिस पहुंची और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और कार सवार पुरुष और महिला को गांधीनगर थाने ले जाकर मामले की जांच शुरू की गई है।
फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों, कार की रफ्तार और ओवरटेक करने के दौरान हुई घटना समेत पूरे मामले की जांच कर रही है। अब जांच के बाद ही साफ होगा कि हादसा आखिर किसकी लापरवाही से हुआ और इस मामले में आगे क्या कानूनी कार्रवाई की जाती है।

