जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिला अस्पताल में करीब पौने दो करोड़ रुपए के गबन का बड़ा मामला सामने आया है, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। इस पूरे मामले में DPM आदित्य तिवारी और फार्मासिस्ट जवाहर लोधी जांच के घेरे में हैं, लेकिन बीते कई दिनों से दोनों फरार बताए जा रहे हैं।
वित्तीय अनियमितताओं की जांच के दौरान प्रशासन ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सिहोरा सिविल अस्पताल में अस्थायी रूप से पदस्थ किया था, लेकिन हैरानी की बात यह है कि अब तक दोनों ने वहां कार्यभार ग्रहण नहीं किया है।
इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सिहोरा के BMO ने दोनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और ड्यूटी ज्वाइन न करने पर उनसे जवाब मांगा गया है।
जांच पूरी होने से पहले ही दोनों के गायब होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं और अब सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि आखिर इस गबन मामले में आगे क्या खुलासा होता है।

