उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती दर्शन को लेकर बड़ी व्यवस्था परिवर्तन किया गया है, जिससे अब श्रद्धालुओं को लंबी कतारों और भीड़भाड़ से राहत मिलने वाली है। मंदिर प्रशासन ने अब तक चल रही ऑफलाइन परमिशन प्रक्रिया को खत्म कर ऑनलाइन ‘तत्काल बुकिंग’ व्यवस्था लागू कर दी है।
पहले श्रद्धालुओं को भस्म आरती दर्शन के लिए एक दिन पहले मंदिर पहुंचकर फॉर्म लेना पड़ता था और उसे भरकर जमा करना होता था, जिसके चलते घंटों लंबी लाइनें लगती थीं और काफी परेशानी उठानी पड़ती थी।
अब नई व्यवस्था के तहत श्रद्धालु एक दिन पहले सुबह 8 बजे से ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से बुकिंग कर सकेंगे, जो पूरी तरह ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगी। इस दौरान आधार कार्ड सहित जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी और पहले की तरह प्रति व्यक्ति 200 रुपये शुल्क निर्धारित रहेगा।
मंदिर प्रशासन के अनुसार पहले की तरह ही 300 श्रद्धालुओं की सीमा भी लागू रहेगी, लेकिन अब यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने से व्यवस्था अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक हो जाएगी।
मंदिर प्रशासन का मानना है कि इस बदलाव से श्रद्धालुओं को मौसम की मार, भीड़ और लंबी लाइनों से राहत मिलेगी और वे घर बैठे ही आसानी से भस्म आरती के दर्शन के लिए बुकिंग कर सकेंगे। फिलहाल यह व्यवस्था पूरी तरह ऑनलाइन लागू कर दी गई है और ऑफलाइन सिस्टम को लेकर आगे निर्णय लिया जाएगा।

