इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की तैयारी, लाठीचार्ज की जांच गृह सचिव करेंगे

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में लाठीचार्ज और वाटर कैनन का विरोध कर रहे इंटर्न डॉक्टरों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। स्टाइपेंड बढ़ाने के प्रस्ताव पर सरकार ने सहमति जताई है। अब एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड 14 हजार रुपये से बढ़ाकर 21 हजार 500 रुपये किए जाने की तैयारी है।

यह फैसला स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजेंद्र शुक्ल के साथ एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों के प्रतिनिधिमंडल की बैठक में लिया गया। बैठक में स्टाइपेंड में वृद्धि के प्रस्ताव पर सहमति बनी है। इसके साथ ही प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल के मामले में भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

छात्रों पर बल प्रयोग के मामले में प्रारंभिक जांच में सामने आए दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया गया है। वहीं पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक जांच टीम भी गठित की गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

लाठीचार्ज की जांच अब गृह सचिव करेंगे। इंटर्न डॉक्टरों की ओर से की गई पुलिस कार्रवाई को लेकर लगातार कार्रवाई की मांग की जा रही थी। बैठक के बाद जू डॉ और एमटीए के प्रतिनिधियों ने सरकार की ओर से उठाए गए कदमों पर संतोष जताया है।

वहीं प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात भी कही गई है। प्रतिनिधिमंडल ने स्टाइपेंड बढ़ाने को लेकर हुई चर्चा पर भी संतोष व्यक्त किया।

यानी स्टाइपेंड बढ़ाने के प्रस्ताव के साथ-साथ लाठीचार्ज मामले में पुलिसकर्मियों पर शुरुआती कार्रवाई और गृह सचिव की जांच के फैसले से इंटर्न डॉक्टरों के आंदोलन को लेकर सरकार की ओर से बड़ा कदम उठाया गया है। अब देखना होगा कि जांच में क्या सामने आता है और स्टाइपेंड बढ़ाने का प्रस्ताव कब तक अंतिम रूप लेता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *