धार। मध्य प्रदेश के धार में भोजशाला परिसर में नमाज को लेकर एक बार फिर मामला गरमा गया है। हिंदू समाज के लोगों ने कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर भोजशाला परिसर में नमाज नहीं कराए जाने की मांग उठाई है।
ज्ञापन में हिंदू समाज की ओर से कहा गया है कि 15 मई 2026 को इंदौर हाईकोर्ट के फैसले के बाद भोजशाला को लेकर स्थिति स्पष्ट हुई है। वहीं 14 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट की ओर से मुस्लिम पक्ष को खुले स्थान पर नमाज अदा करने की अनुमति दिए जाने का भी उल्लेख किया गया है।
हिंदू समाज ने प्रशासन से मांग की है कि भोजशाला परिसर के आसपास नमाज या अन्य किसी धार्मिक गतिविधि के लिए ऐसा स्थान निर्धारित न किया जाए, जिससे पूजा-पाठ और दूसरी धार्मिक गतिविधियों में किसी तरह का व्यवधान पैदा हो।
इसके साथ ही दोनों समुदायों के आने-जाने के रास्ते अलग रखने की मांग भी ज्ञापन में की गई है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति पैदा न हो।
ज्ञापन में कहा गया है कि भोजशाला की धार्मिक भावनाओं और धार शहर की कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करे। हिंदू समाज ने शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के साथ-साथ भोजशाला परिसर की धार्मिक गरिमा बनाए रखने की मांग की है।
इस दौरान जैन समाज के लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। अब इस ज्ञापन के बाद प्रशासन की ओर से क्या व्यवस्था की जाती है और भोजशाला को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सभी की नजर रहेगी।

