BJYM प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में नियमों की अनदेखी, ट्रैफिक जाम से प्रभावित हुईं आपात सेवाएं

धार। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के स्वागत कार्यक्रम को लेकर धार में विवाद खड़ा हो गया। स्वागत के नाम पर शहर की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और आम लोगों के साथ-साथ आपात सेवाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, श्याम टेलर का काफिला रात करीब 8 बजकर 15 मिनट पर शहर में पहुंचा। टीवीएस चौराहे से लेकर भाजपा जिला कार्यालय तक करीब 500 मीटर लंबे मार्ग पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान सड़क पर करीब 12 स्वागत मंच लगाए गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और कई जगह जाम की स्थिति बन गई। अस्पताल क्षेत्र के नजदीक तेज आवाज में डीजे बजने की भी शिकायतें सामने आईं, जिससे नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो गए।

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान आपात सेवाओं की आवाजाही भी प्रभावित हुई। वहीं स्वागत मंच पर प्रदेश अध्यक्ष को तलवार भेंट की गई, जिसे श्याम टेलर हाथों में लहराते हुए दिखाई दिए। इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

धार पहुंचने के बाद श्याम टेलर ने केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर के साथ भोजशाला पहुंचकर मां वाग्देवी के दर्शन किए और हनुमान चालीसा एवं हवन-पूजन में हिस्सा लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भगवा साफा पहने मौजूद रहे।

मीडिया से बातचीत में श्याम टेलर ने कहा कि भोजशाला आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि भोजशाला ज्ञान, ऊर्जा और शक्ति का केंद्र रही है और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इसे सरस्वती लोक के रूप में विकसित करने की घोषणा स्वागत योग्य कदम है। उनका मानना है कि आने वाले समय में भोजशाला समाज और देश को नई दिशा देने का कार्य करेगी।

संगठन में नियुक्ति को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और यहां विभिन्न मानकों के आधार पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाती हैं।

वहीं स्वागत कार्यक्रम के दौरान नियमों के उल्लंघन और अस्पताल क्षेत्र में डीजे बजने के सवाल पर श्याम टेलर ने कहा कि जब परिवार का कोई सदस्य आता है तो उसका प्रेमपूर्वक स्वागत किया जाता है। हालांकि यदि किसी प्रकार की अनियमितता हुई है और मामला उनके संज्ञान में आता है, तो युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को भविष्य के लिए आवश्यक हिदायत जरूर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *