मां पीतांबरा पीठ पहुंचे शिवसेना नेता आनंद दुबे, बीजेपी पर साधा निशाना बोले- ‘कोई सांसद कहीं नहीं जाएगा’

दतिया। शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट के राष्ट्रीय प्रवक्ता आनंद दुबे मध्य प्रदेश के दतिया जिले के अल्प प्रवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध मां पीतांबरा पीठ में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की जनता के सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर में दर्शन के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला और महाराष्ट्र की राजनीति को लेकर चल रही अटकलों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

आनंद दुबे ने साफ शब्दों में कहा कि शिवसेना यूबीटी के सांसदों के दल छोड़ने की जो चर्चाएं सामने आ रही हैं, उनमें कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और कोई भी सांसद कहीं जाने वाला नहीं है। उन्होंने बताया कि मुंबई में पार्टी के नौ सांसदों की बैठक आयोजित की जा रही है और सभी नेता संगठन के साथ मजबूती से खड़े हैं।

बीजेपी पर आरोप लगाते हुए आनंद दुबे ने कहा कि केंद्र में पूर्ण बहुमत होने के बावजूद भाजपा लगातार विपक्षी दलों के नेताओं और सांसदों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रही है। उनके मुताबिक यह राजनीति लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि भाजपा अफवाहों और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है ताकि विपक्षी दलों को कमजोर किया जा सके।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर भाजपा के पास पर्याप्त बहुमत है तो फिर उसे किस बात का डर है। आखिर क्यों लगातार यह माहौल बनाया जा रहा है कि विपक्ष के सांसद दल बदलने वाले हैं। उन्होंने दोहराया कि शिवसेना यूबीटी का कोई भी सांसद टूटने वाला नहीं है और भाजपा की तमाम रणनीतियां विफल साबित होंगी।

मां पीतांबरा पीठ में दर्शन को लेकर आनंद दुबे ने कहा कि वे यहां सिर्फ राजनीतिक कारणों से नहीं बल्कि आस्था के साथ पहुंचे हैं। उन्होंने मां पीतांबरा से प्रार्थना की कि केंद्र सरकार को सद्बुद्धि मिले और वह राजनीतिक जोड़-तोड़ के बजाय जनता की समस्याओं के समाधान और देशहित के कार्यों पर अपना ध्यान केंद्रित करे।

दतिया में दिए गए आनंद दुबे के इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति को लेकर चल रही चर्चाओं को एक नया मोड़ मिल गया है। वहीं, उनके बीजेपी पर लगाए गए आरोपों ने राजनीतिक हलकों में नई बहस भी छेड़ दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *