गुना। मध्यप्रदेश के गुना में पदस्थ महिला नायब तहसीलदार ने अपने पति पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता आरती गौतम ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि शादी की पहली रात से ही पति का व्यवहार अपमानजनक था और वह लगातार पैसों की मांग करता था।
जानकारी के मुताबिक आरती गौतम की शादी 21 जनवरी 2020 को मुरैना जिले के सुसानी निवासी विजेंद्र उचाड़िया से हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति उन पर मायके से पैसे लाने का दबाव बनाने लगा। इतना ही नहीं, वह उनकी सैलरी और शादी में मिले उपहारों पर भी अपना अधिकार जताता था।
आरती गौतम ने शिकायत में बताया कि भिंड में पोस्टिंग के दौरान भी पति लगातार पैसों को लेकर विवाद करता था। बाद में जब उनका तबादला गुना हुआ और दोनों साथ रहने लगे, तब विवाद और ज्यादा बढ़ गया।
महिला अधिकारी का आरोप है कि 12 मई को पैसों और ज्वेलरी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके दौरान पति ने उनके साथ मारपीट की। धक्का देने से उनके मुंह और दांत में चोट आई। आरोप है कि पति ने उनका मोबाइल भी तोड़ दिया और लैपटॉप व ज्वेलरी अपने कब्जे में ले ली।
पीड़िता का कहना है कि बच्चों और परिवार की वजह से वह लंबे समय तक चुप रहीं, लेकिन लगातार हो रही प्रताड़ना के बाद उन्होंने आखिरकार पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का फैसला लिया।
फिलहाल Madhya Pradesh Police ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कैंट थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 85 और 324(4) के तहत केस दर्ज किया है और पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है।

