स्मार्ट सिटी अस्पताल पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई! लाइसेंस निलंबित, संचालक डॉ. अमित खरे की गिरफ्तारी के बाद मरीज किए गए शिफ्ट

जबलपुर। शहर के चर्चित स्मार्ट सिटी अस्पताल पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसका लाइसेंस एक महीने के लिए निलंबित कर दिया है। यह फैसला अस्पताल संचालक डॉ. अमित खरे की गिरफ्तारी के बाद लिया गया है। डॉ. अमित खरे पर कई लोगों की मौत से जुड़े गंभीर आरोप हैं, जिसके बाद मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।

प्रशासन ने अस्पताल में भर्ती मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी मरीजों को शासकीय नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में शिफ्ट कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

गौरतलब है कि पुलिस ने शनिवार को अस्पताल संचालक डॉ. अमित खरे को गंभीर आपराधिक आरोपों के तहत गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शहर में उनका पैदल मार्च भी कराया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए।

मामले की जांच के दौरान एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल का संचालन भले ही डॉ. अमित खरे कर रहे थे, लेकिन दस्तावेजों में उसका पंजीयन किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर दर्ज था। बताया जा रहा है कि अस्पताल का रजिस्ट्रेशन एक होम्योपैथी चिकित्सक के नाम पर कराया गया था, जिसकी भी जांच की जा रही है।

यह पहली बार नहीं है जब स्मार्ट सिटी अस्पताल विवादों में आया हो। इससे पहले भी अस्पताल पर नियमों के उल्लंघन और अन्य अनियमितताओं के आरोप लगते रहे हैं। प्रशासन अब अस्पताल से जुड़े सभी दस्तावेजों और लाइसेंस संबंधी प्रक्रियाओं की गहन जांच कर रहा है।

फिलहाल, पुलिस की जांच जारी है और प्रशासन का कहना है कि यदि जांच में और अनियमितताएं सामने आती हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *