उज्जैन। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दोपहर उज्जैन पहुंचे, जहां हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री पारस जैन के निवास पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री पारस जैन का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर से उज्जैन सहित पूरे प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है। अंतिम यात्रा से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनके निवास पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पारस जैन का निधन बेहद दुखद और अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि पारस जैन ऐसे जननेता थे, जिन्होंने अपनी सादगी, सक्रियता और जनता से मजबूत जुड़ाव के दम पर अलग पहचान बनाई। उनका राजनीतिक और सामाजिक योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार की ओर से भी पूर्व मंत्री पारस जैन को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल सहित भाजपा के कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

