‘सोनार बांग्ला’ का सपना होगा पूरा…’ सीएम योगी ने सुवेंदु अधिकारी को दी बधाई, बोले- अब अमृतकाल में प्रवेश करेगा बंगाल

पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत बीजेपी के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने पीएम मोदी के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया, जिस पर प्रधानमंत्री ने उन्हें गले लगाकर शुभकामनाएं दीं।

मंच पर मौजूद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शुभेंदु अधिकारी को बधाई देते हुए बड़ा बयान दिया। योगी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में ‘सोनार बांग्ला’ का संकल्प जरूर पूरा होगा।

सीएम योगी ने कहा कि अब पश्चिम बंगाल सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और आर्थिक उत्थान के अमृतकाल में प्रवेश करेगा। उन्होंने मां काली से प्रार्थना करते हुए कहा कि शुभेंदु अधिकारी का कार्यकाल बंगाल की जनता की उम्मीदों को पूरा करने और लोकतांत्रिक मूल्यों की पुनर्स्थापना का स्वर्णिम अध्याय बने।

शपथ ग्रहण समारोह में बंगाल बीजेपी के कई बड़े नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष भी मंत्री बने और उन्हें भविष्य में उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

इसके अलावा आसनसोल से विधायक अग्निमित्रा पॉल, उत्तर 24 परगना से विधायक अशोक कीर्तनिया, रानीबांध से विधायक क्षुदिराम टुडू और कूचबिहार से सांसद रहे निसिथ प्रामाणिक ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

बताया जा रहा है कि नई सरकार में संगठन और सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश की गई है। खास तौर पर आदिवासी और युवा चेहरों को जगह देकर बीजेपी ने बड़ा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *