ग्वालियर। जीवाजी यूनिवर्सिटी की परीक्षाओं पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मुरैना जिले के जौरा से सामने आए एक वायरल वीडियो ने पूरे शिक्षा तंत्र की पोल खोलकर रख दी है। वीडियो में परीक्षा केंद्र के बाहर खुलेआम नकल कराए जाने का दावा किया जा रहा है।
मामला जौरा के शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय का बताया जा रहा है, जहां बीए, बीकॉम और बीएससी की परीक्षाएं चल रही थीं। लेकिन परीक्षा केंद्र के बाहर जो नजारा दिखाई दिया, उसने सभी को हैरान कर दिया। कुछ युवक मोबाइल फोन पर पेपर सॉल्व करते नजर आए, जबकि बाहर से खिड़कियों के जरिए छात्रों को जवाब चिल्ला-चिल्लाकर बताए जा रहे थे।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि परीक्षा केंद्र के आसपास संदिग्ध लोगों का जमावड़ा लगा हुआ है। आरोप है कि यहां ‘नकल माफिया’ सक्रिय है, जो छात्रों को पास कराने की गारंटी तक दे रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि परीक्षा के दौरान केंद्र के बाहर इस तरह की गतिविधियां लगातार चलती रहती हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं करते। वीडियो सामने आने के बाद मेहनत से पढ़ाई करने वाले छात्रों में भी नाराजगी बढ़ गई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि अगर परीक्षा केंद्र के बाहर मोबाइल पर पेपर सॉल्व हो रहा था, तो सवाल आखिर बाहर तक पहुंचे कैसे? क्या पेपर लीक हुआ था या फिर अंदर से किसी ने प्रश्न बाहर भेजे?
इस पूरे मामले ने जीवाजी यूनिवर्सिटी की नकल रोकने की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग मांग कर रहे हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और नकल कराने वाले गिरोह पर सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस वायरल वीडियो पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

