मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के मंडीदीप से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक सनकी युवक ने एकतरफा जुनून और पुरानी रंजिश में एक किशोरी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी कुछ समय पहले पॉक्सो एक्ट के मामले में जेल गया था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। जेल से बाहर आते ही उसने ऐसा खौफनाक कदम उठाया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया।
घटना मंडीदीप के वार्ड नंबर 9 रामनगर की बताई जा रही है। मृतक किशोरी अपनी मां के साथ किराए के मकान में रहती थी। आरोपी मनोज अहिरवार पहले उसी मकान में किराए पर रहता था। इसी दौरान किशोरी ने उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद उसे जेल जाना पड़ा था।
बताया जा रहा है कि जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपी लगातार पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव बना रहा था। गुरुवार दोपहर वह किशोरी के घर पहुंचा और विवाद करने लगा। जब किशोरी और उसकी मां ने उसे वहां से भगा दिया, तो कुछ देर बाद वह दोबारा लौटकर आया, लेकिन इस बार उसके हाथ में सर्जिकल ब्लेड था।
आरोपी ने घर के अंदर घुसते ही किशोरी पर हमला कर दिया और उसके गले पर वार कर दिया। हमला इतना खतरनाक था कि किशोरी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खून से सना हथियार लेकर मौके से फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में डर का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मंडीदीप पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। करीब 12 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी मनोज अहिरवार को भोपाल रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामला पुरानी रंजिश और एकतरफा जुनून से जुड़ा हुआ है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

