ग्वालियर के बाद अब शिवपुरी में सनसनीखेज अपहरण! बंदूक की नोक पर युवती और बच्ची को उठा ले गए बदमाश, फिर सामने आया चौंकाने वाला वीडियो

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से ग्वालियर लॉ छात्रा किडनैपिंग केस जैसी एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। सिटी कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर इलाके में देर रात करीब एक दर्जन नकाबपोश और हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर युवती और उसकी छोटी बच्ची का कथित तौर पर अपहरण कर लिया। बदमाशों ने परिवार वालों के साथ मारपीट की और बंदूक की नोक पर युवती को जबरन कार में बैठाकर फरार हो गए। पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

घटना के कुछ घंटों बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें किडनैप हुई युवती महक ने दावा किया कि वह अपनी मर्जी से पुष्पेंद्र चौहान नाम के युवक के साथ गई है। वीडियो में उसने पुष्पेंद्र को अपना पति बताया। वहीं आरोपी पुष्पेंद्र चौहान ने भी वीडियो जारी कर परिवार वालों को परेशान नहीं करने की चेतावनी दी और कहा कि अगर उन पर दबाव बनाया गया तो वह युवती और बच्ची के साथ आत्महत्या कर लेगा।

बताया जा रहा है कि महक पहले इंदौर में पुष्पेंद्र चौहान के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी और दोनों की एक छोटी बच्ची भी है। कुछ समय पहले महक अपने परिजनों के पास शिवपुरी आकर रहने लगी थी। इसी बीच यह पूरी घटना सामने आई है।

मामले में एसडीओपी संजय चतुर्वेदी का कहना है कि परिजनों की शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर युवती और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और युवती को ट्रेस करने की कोशिश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *