नर्मदापुरम में गरमाया सियासी माहौल! मुस्कान बालिका गृह मामले पर प्रभारी मंत्री के कड़े तेवर, राहुल गांधी पर भी हमला

​नर्मदापुरम। नर्मदापुरम में रविवार को सियासी माहौल गरमा गया। जिले के प्रभारी और पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने एक तरफ इटारसी के चर्चित मुस्कान बालिका गृह मामले को लेकर सख्त रुख दिखाया, तो दूसरी तरफ राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर भी तीखा हमला बोला।

सेवा संकल्प अभियान की बैठक में शामिल होने नर्मदापुरम पहुंचे मंत्री राकेश सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

इंदौर में हुए राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर राकेश सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को आखिर कौन गंभीरता से लेता है। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम में छात्रों से ज्यादा कांग्रेस और NSUI के कार्यकर्ता मौजूद थे।

मंत्री ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो पार्टी खुद दिशाभ्रमित है, वह देश को क्या दिशा देगी। राकेश सिंह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार भारतीय संस्कृति और देश का अपमान करने की राजनीति कर रहे हैं और यही अब कांग्रेस की विचारधारा बन चुकी है।

वहीं, इटारसी के मुस्कान बालिका गृह मामले को लेकर मंत्री राकेश सिंह ने सख्त तेवर दिखाए। मामले में बीते तीन वर्षों के दौरान पांच नाबालिग बच्चियों के कथित तौर पर रहस्यमयी तरीके से गायब होने और संस्था संचालिका की ओर से देरी से FIR दर्ज कराने का मुद्दा मंत्री के सामने उठाया गया।

संस्था संचालक मनीष ठाकुर के पॉक्सो मामलों में सपोर्ट पर्सन होने और सत्ता पक्ष से कथित तौर पर जुड़े होने के बावजूद जिला प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल पूछे गए।

इस पर राकेश सिंह ने माना कि यह बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला है और इसमें बड़ी लापरवाही सामने आई है। उन्होंने कहा कि यह विषय उनके संज्ञान में लाया गया है और वह पूरे प्रकरण की तत्काल जांच करवाएंगे।

मंत्री ने साफ कहा कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अब एक तरफ राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग जारी है, तो दूसरी तरफ मुस्कान बालिका गृह मामले में मंत्री के जांच और कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रशासनिक स्तर पर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *