सात फेरों का रिश्ता पहुंचा सलाखों तक, घर से चला रहे थे नशे का कारोबार

मैहर। मध्यप्रदेश के मैहर जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पति-पत्नी का साथ सात फेरों से सीधे सलाखों तक जा पहुंचा, दोनों अपने ही घर से नशीली कफ सिरप का अवैध कारोबार चला रहे थे।

पूरा मामला अमरपाटन थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने बस स्टैंड के पास स्थित एक मकान में दबिश देकर इस नशे के नेटवर्क का पर्दाफाश किया और मौके से पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोविंद जैन उर्फ बिज्जू जैन और उसकी पत्नी आराधना जैन के रूप में हुई है, जो लंबे समय से घर को ही नशे की दुकान बनाकर युवाओं तक नशीली सिरप पहुंचा रहे थे।

पुलिस कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से 14 नग नशीली कफ सिरप बरामद की गई है, वहीं इस पूरे नेटवर्क का सप्लायर प्रिंस जायसवाल अभी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

बताया जा रहा है कि आरोपी सप्लायर के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे इस नेटवर्क के बड़े होने की आशंका भी जताई जा रही है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है, वहीं फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *