भोपाल। मध्यप्रदेश में अब सियासत के साथ-साथ वैचारिक स्तर पर भी नई हलचल देखने को मिल रही है, जहां Rashtriya Swayamsevak Sangh से जुड़े संगठन Rashtriya Muslim Manch ने अल्पसंख्यक समाज को राष्ट्रवादी विचारधारा से जोड़ने के लिए बड़ा अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है।
बताया जा रहा है कि अगले सप्ताह से शुरू होने वाले इस अभियान के तहत प्रदेश के कई जिलों में सदस्यता अभियान, प्रशिक्षण शिविर और संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें खास तौर पर मुस्लिम समाज को जोड़ने की कोशिश की जाएगी।
मंच के पदाधिकारियों का कहना है कि समय के साथ मुस्लिम समाज में संघ को लेकर जो भ्रम था, वह धीरे-धीरे खत्म हो रहा है और अब बड़ी संख्या में लोग राष्ट्रवादी सोच के साथ जुड़ना चाहते हैं, इसी कड़ी में यह अभियान शुरू किया जा रहा है।
उज्जैन, इंदौर, भोपाल, जबलपुर, खंडवा, बुरहानपुर, देवास, शाजापुर और श्योपुर जैसे अल्पसंख्यक बाहुल्य इलाकों में इस अभियान को जोर-शोर से चलाने की योजना बनाई गई है।
वहीं इस पहल को लेकर सियासत भी गरमा गई है, जहां कांग्रेस ने इस पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक रणनीति और चुनावी तैयारी का हिस्सा बताया है, कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह केवल जनाधार बढ़ाने की कोशिश है।
दूसरी ओर बीजेपी ने इस पहल का समर्थन करते हुए कहा है कि संघ एक सामाजिक संगठन है और उसका उद्देश्य समाज में राष्ट्र चेतना जगाना है, ऐसे में इस तरह के प्रयासों का स्वागत होना चाहिए।
अब देखना होगा कि यह अभियान जमीनी स्तर पर कितना असर डालता है और प्रदेश की राजनीति में इसका क्या प्रभाव देखने को मिलता है।

