उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में मंगलवार सुबह एक खास नजारा देखने को मिला, जब लोकप्रिय वेब सीरीज ‘रक्तांचल 3’ की टीम बाबा महाकाल के दरबार में पहुंची। अभिनेता निकितिन धीर, क्रांति प्रकाश झा और चर्चित अभिनेता चंदन राय ने प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।
बताया जा रहा है कि ‘रक्तांचल 3’ की टीम अपनी वेब सीरीज के प्रमोशन के सिलसिले में मध्य प्रदेश आई हुई है। इंदौर में कार्यक्रमों के बाद कलाकार उज्जैन पहुंचे और विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन किए। भस्म आरती के दौरान कलाकार पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ बाबा महाकाल की आराधना करते नजर आए।
इस अवसर पर महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सभी कलाकारों का सम्मान भी किया गया। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी कलाकारों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उनका स्वागत किया।
खास बात यह रही कि वेब सीरीज ‘पंचायत’ में सहायक सचिव का लोकप्रिय किरदार निभाने वाले अभिनेता चंदन राय भी इस दौरान टीम के साथ मौजूद रहे। तीनों कलाकारों ने महाकाल के दर्शन के बाद प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
आपको बता दें कि ‘रक्तांचल 3’ हाल ही में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई है और दर्शकों से इसे अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। अब महाकाल की नगरी से इसकी चर्चा और भी तेज हो गई है।
महाकाल के दरबार में पहुंचे इन सितारों की तस्वीरें और वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहे हैं।

